राष्ट्रीय
मेघालय के राज्यपाल बनाए गए सत्यपाल मलिक, कोश्यारी को गोवा का भी प्रभार
By Deshwani | Publish Date: 18/8/2020 12:41:17 PM-जम्मू कश्मीर के गवर्नर रह चुके हैं मलिक
-भगत सिंह कोश्यारी महाराष्ट्र के हैं राज्यपाल
नई दिल्ली। गोवा के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। साथ ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को गोवा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कोश्यारी महाराष्ट्र के साथ गोवा का भी कामकाज देखेंगे।
राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, यह बदलाव उस तारीख से प्रभावी होंगे जब वे कार्यभार संभाल लेंगे। राष्ट्रपति ने पिछले साल 25 अक्टूबर को मलिक की नियुक्ति गोवा राज्यपाल के पद पर की थी।
सत्यपाल मलिक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रह चुके हैं। उन्हें बाद में गोवा का राज्यपाल बनाया गया था। अब उनकी नई नियुक्ति मेघालय में की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले सत्यपाल मलिक को बीजेपी ने पहले बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया था और 2018 में जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बना दिया गया।
जम्मू-कश्मीर में उनके रहते हुए ही अनुच्छेद 370 को हटाया गया, जिसमें उनकी अहम भूमिका रही है। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद मलिक को गोवा का राज्यपाल बना दिया गया था। उन्होंने मृदुला सिन्हा का स्थान लिया था। दूसरी ओर भगत सिंह कोश्यारी फिलहाल महाराष्ट्र के साथ गोवा का भी कामकाज देखेंगे।