राष्ट्रीय
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान कल से देशभर में एक साथ होगा शुरू
By Deshwani | Publish Date: 9/2/2020 10:47:15 PMनई दिल्ली। 18 दिनों तक चलने वाला एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान कल देश भर में एक साथ शुरू किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित यह अभियान इस महीने की 28 तारीख तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के बीच गहरे रचनात्मक संपर्कों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अवसर पर कहा था कि इस पहल से देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच परस्पर संबंध और मजबूत होंगे।
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान, देश की अनेकता में एकता की भावना का एक अनूठा कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य देश की जनता के बीच भावनात्मक एकता के परम्परागत ताने-बाने को और मजबूत बनाना है। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य देश के 36 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों की समृद्ध संस्कृति तथा विरासत, खान-पान, हस्तकलाओं और रीति-रीवाजों को प्रदर्शित करना है। इसके तहत सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए दो अलग-अलग राज्यों को जोड़ीदार बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर राज्य को तमिलनाडु के साथ, पंजाब को आंध्र प्रदेश के साथ, उत्तराखंड़ को कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश को केरल, दिल्ली को सिक्किम और राजस्थान को असम के साथ जोडा़ गया है।