राष्ट्रीय
भारत-अमरीकी सम्बंध आपसी विश्वास, परस्पर सम्मान और समझ पर आधारित हैं: नरेंद्र मोदी
By Deshwani | Publish Date: 7/1/2020 12:26:47 PMनई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और अमरीका के संबंध विश्वास, आपसी सम्मान और समझ पर आधारित हैं और यह दिन-प्रति-दिन मजबूत होते जा रहे हैं।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को नव वर्ष की फोन पर शुभकामनाएं देते हुए श्री मोदी ने परस्पर हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उनके साथ काम करते रहने की इच्छा व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष दोनों देशों के बीच सामरिक भागीदारी मजबूत करने में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का विशेष उल्लेख किया। श्री मोदी ने नये वर्ष में राष्ट्रपति ट्रंप, उनके परिवार और अमरीकी जनता के अच्छे स्वास्थ्य, संपन्नता और सफलता की कामना की।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के संबंधों की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि वे दोनों देशों के परस्पर सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए हमेशा तैयार हैं। उन्होंने भी नये वर्ष में भारत की जनता की संपन्नता और प्रगति की कामना की।