राष्ट्रीय
विपक्षी दलों पर गृहमंत्री का आरोप, कहा- सीएए को लेकर लोगों को किया जा रहा गुमराह
By Deshwani | Publish Date: 26/12/2019 2:24:07 PMनई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों पर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को नई दिल्ली में पूर्वी दिल्ली हब के विकास के लिए कड़कड़डूमा में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इय कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में एक नई कार्य संस्कृति शुरू की है।
श्री शाह ने कहा कि झुग्गियों को मकानों में बदलने की अवधारणा सबसे पहले केन्द्र की इसी सरकार द्वारा शुरू की गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक बड़े साइकिल ट्रेक को बनाने की भी योजना है। श्री अमित शाह ने कहा कि यमुना के तटों के सौन्दर्यीकरण का काम भी किया जा रहा है।
गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 13 कानूनी प्रक्रियाओं की रुकावट को दूर किया और दिल्ली में अनाधिकृत कालोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों को मालिकाना हक प्रदान किए। श्री शाह ने कहा कि सिख विरोधी दंगों के बाद से कई बार कांग्रेस सरकार रही परन्तु इन पर कोई जांच नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने एसआईटी का गठन किया और अब दोषी सलाखों के पीछे हैं।