राष्ट्रीय
चाबहार बंदरगाह को चालू करने में हुई प्रगति पर भारत और ईरान ने संतोष व्यक्त किया
By Deshwani | Publish Date: 24/12/2019 11:30:46 AMनई दिल्ली। भारत और ईरान ने चाबहार यानी शाहिद बहिश्ती बंदरगाह, के चालू करने में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ ने माना है कि यह बंदरगाह भारत और ईरान, अफगानिस्तान, मध्य एशिया तथा यूरोप के बीच व्यापार संबंधों तथा सम्पर्कों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान से निर्यात को बढ़ावा देने में इस बंदरगाह के योगदान को स्वीकार किया।
डॉ. एस. जयशंकर और मोहम्मद जवाद ज़रीफ की सह-अध्यक्षता में भारत-ईरान संयुक्त आयोग की 19वीं बैठक कल ईरान की राजधानी तेहरान में सम्पन्न हुई। दोनों नेताओं ने सम्पर्क, व्यापार तथा व्यवसाय, संस्कृति और दोनों देशों की जनता के बीच सम्पर्क सहित विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने दोनो देशों के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों पर संतोष व्यक्त किया।
भारत और ईरान ने आतंकवाद के खतरों पर गहरी चिंता व्यक्त की और आतंकवाद की सुरक्षित पनाहगाहों को सभी तरह की मदद बंद करने का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन किया।
बैठक में दोनों पक्ष 2020 में द्विपक्षीय मित्रता संधि की 70वीं वर्षगांठ मनाने पर सहमत हुए। अपनी यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर ने ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी तथा अन्य नेताओं से मुलाकात की।