राष्ट्रीय
CAA पर भ्रम फैला रहा विपक्ष - शिवराज सिंह चौहान
By Deshwani | Publish Date: 23/12/2019 3:37:31 PMनई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि वोट बैंक की राजनीति के चलते संशोधित नागरिकता कानून को लेकर विपक्षी पार्टियों द्वारा भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। आज जयपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में श्री चौहान ने कांग्रेस से सवाल किया कि वह विरोध प्रदर्शन के नाम पर फैलाई जा रही हिंसा का विरोध क्यों नहीं कर रही है।
श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने पड़ोसी देशों से विस्थापित होकर भारत में शरण लेने वाले लोगों की परेशानियों को कभी नहीं समझा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर और संशोधित नागरिकता कानून को जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून विस्थापितों को नागरिकता देने के लिए है, न कि किसी की नागरिकता छीनने के लिए।
श्री चौहान ने कहा कि इस कानून को लेकर भ्रांतियों को दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर रैलियां आयोजित की जायेंगी, घर-घर जाकर लोगों से सम्पर्क स्थापित किया जायेगा और बुद्धिजीवियों के सम्मेलनों का भी आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिन मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्य में संसद द्वारा पारित इस कानून को लागू करने से इंकार किया है वे संवैधानिक पद पर रहते हुए ऐसा नहीं कर सकते।
श्री चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी सवाल किया कि उन्होंने इस मुद्दे पर संसद में हुई बहस में हिस्सा क्यों नहीं लिया। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी को संसद में बहस के दौरान अपनी आपत्तियां उठानी चाहिए थी। श्री चौहान ने कहा कि विपक्ष भ्रम की स्थिति बनाकर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहा है।