राष्ट्रीय
पेरिस समझौते का पालन करने वाले देशों में भारत सबसे आगे-जावड़ेकर
By Deshwani | Publish Date: 20/12/2019 5:44:13 PMनई दिल्ली। शुक्रवार को नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के लिए उत्सर्जन सघनता कम करने का लक्ष्य 35 प्रतिशत रखा गया था और उसने 21 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। भारत के पर्यावरण मंत्री ने कहा है कि पेरिस समझौते का पालन करने वाले देशों में भारत सबसे आगे है। वहीं बहुत जल्द अपना कार्बन उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने और पर्यावरण को बचाने के प्रयासों की संयुक्त राष्ट्र की फ्रेमवर्क संधि की 25-वीं बैठक में सराहना की गई। श्री जावड़ेकर ने कहा कि इस बैठक में ऐसा कोई भी फैसला नहीं किया गया जिससे भारत के हितों को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, भारत और चीन के साथ-साथ 40 विकासशील देशों की एक जैसी राय थी और इस एकजुटता का फायदा हुआ।
श्री जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल में संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में नवीकरणीय श्रोतों से बिजली प्राप्त करने का भारता का लक्ष्य 175 गीगा वॉट से बढ़ाकर 450 गीगा वॉट कर दिया। इसके साथ ही भारत सौर, बायोमास और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पिछले पांच वर्षों में जंगल वाले क्षेत्रों में 13 हजार वर्ग किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि भारत अपने हितों की रक्षा करने के साथ-साथ बातचीत में रचनात्मक रूप से हिस्सा ले रहा है। उन्होंने कहा कि पेरिस समझौते को लागू करने के लिए संसाधनों को बढ़ाने की आवश्यकता है।