राष्ट्रीय
भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर लोकसभा में होहल्ला
By Deshwani | Publish Date: 29/11/2019 3:23:52 PMनई दिल्ली। भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर आज लोकसभा में शोरशराबा हुआ। नाथूराम गोडसे पर टिप्पणियों पर विपक्षी सदस्यों का विरोध झेल रही सुश्री ठाकुर ने प्रश्नकाल के बाद सदन में कहा कि यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया। सुश्री ठाकुर के बयान के बाद विपक्षी सदस्यों ने विरोध और नारेबाजी की थी। लोकसभा में शोर शराबा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदस्यों को शांत करने की कोशिश की। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उनकी सिर्फ एक मांग है कि बिना शर्त माफी मांगी जाये।
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भाजपा के सभी सांसद और मंत्रियों को देश के स्वाधीनता संग्राम में गांधीजी की भूमिका का सम्मान करने और बापू की डेढ़ सौवीं जयन्ती के उपलक्ष्य में पदयात्राएं निकालने और उनके सिद्धान्तों का प्रसार करने का निर्देश दिया है।
लेकिन विपक्षी सदस्यों ने विरोध जारी रखा। अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि वे सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अपने कक्ष में मिलेंगे और सदन की कार्यवाही दिन के ढाई बजे तक स्थगित कर दी गई।