राष्ट्रीय
लता मंगेशकर जीवनरक्षक प्रणाली पर, हालत नाजुक लेकिन सुधार
By Deshwani | Publish Date: 13/11/2019 4:34:52 PMमुंबई। लता मंगेशकर अभी भी जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है लेकिन सेहत में सुधार भी हो रहा है। अस्पताल के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। लता मंगेशकर (90) को सोमवार की सुबह ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उनका इलाज डॉक्टर पतित समधानी कर रहे हैं।
बता दें कि लता मंगेशकर को सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत अब भी नाजुक है, लेकिन धीरे-धीरे उनकी सेहत में सुधार भी हो रहा है। फिर भी उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।
लता मंगेशकर की रिश्तेदार रचना शाह ने बताया कि लता की हालत ‘स्थिर और ठीक’ है। यह पूछे जाने पर कि लता को कब अस्पताल से छुट्टी मिलेगी, इस पर उन्होंने कहा, ‘कुछ ही दिनों में’।
लता मंगेशकर के अस्पताल में भर्ती होने की खबर जैसे ही सामने आई देश-विदेश में उनके तमाम प्रशंसकों सहित शबाना आजमी, हेमा मालिनी जैसी बॉलीवुड सेलेब्रिटिज भी जल्दी से उनके ठीक होने की दुआ करने लगीं। इस बीच हेमा मालिनी ने ट्विटर पर उनके लिए लिखा कि लता मंगेशकर के लिए दुआएं जो अस्पताल में हैं और जिनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ईश्वर उन्हें इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करें जिससे वह हमारे बीच बनी रहें। भारत रत्न लता जी के लिए देश दुआएं मांग रहा है, भारत की स्वर कोकिला। शबाना आजमी ने लिखा कि आदाब और हजारों दुआएं कि आप फौरन अच्छी होकर सही सलामत घर आ जाए।