राष्ट्रीय
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिला RDX से भरा लावारिस बैग बरामद, बढ़ाई गई सुरक्षा
By Deshwani | Publish Date: 1/11/2019 11:22:28 AMनयी दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार देर रात टर्मिनल-3 पर एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया और कुछ घंटों के लिए यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। अधिकारियों ने बताया कि काले रंग के बैग को पहले सीआईएसएफ कर्मियों ने गुरुवार देर रात करीब एक बजे टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र से हटाया और अब उसे ‘कूलिंग पिट’ में रखा गया है।
सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक जानकारी से प्रतीत होता है कि बैग में ‘आरडीएक्स’ है। विस्फोटक डिटेक्टर से उसकी जांच की गई। बाद में एक कुत्ते की मदद से भी जांच की गई। लेकिन विस्फोटक की सही प्रकृति का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि विस्फोटक को अगले 24 घंटे के लिए निगरानी में रखा गया है। कुछ पुख्ता पता चलने पर ही इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि यह आईईडी हो सकता है लेकिन अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब एक बजे एक संदिग्ध बैग के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद टर्मिनल-3 के गेट नंबर दो (आगमन) के पास से एक बैग मिला। पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) के संजय भाटिया ने कहा, ‘‘ सीआईएसएफ की मदद से बैग को वहां से हटा दूसरी जगह ले जाया गया। अभी तक उसे खोला नहीं गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें बिजली की तारें है। हवाई अड्डा परिसर में हमने सुरक्षा बढ़ा दी है। ’’