राष्ट्रीय
जम्मू/कश्मीर: पुंछ जिले के देगवार सेक्टर में गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी सैनिक ढेर
By Deshwani | Publish Date: 10/10/2019 3:52:59 PMपुंछ। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आ रहा है और तकरीबन हर रोज जम्मू- कश्मीर की नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखे हुए है। इसी के चलते आज सुबह एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा पर स्थित देगवार सेक्टर में भारी गोलाबारी की। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान की इस गोलीबारी का जवाब दिया जिसमें एक पाकिस्तानी सैनिक ढेर हो गया।
पाकिस्तान ने इस दौरान जिले की नियंत्रण रेखा के करीब बसे देगवार सेक्टर में स्थित भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी करने के साथ ही गोले भी दागे। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। इस गोलीबारी में किसी के भारतीय के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सूत्रों के अनुसार भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना का एक जवान मारा गया है। नियंत्रण रेखा पर लगातार जारी गोलीबारी से यहां के ग्रामीण भयभीत हैं।