राष्ट्रीय
राफेल लाने आज फ्रांस जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पेरिस में दशहरे पर करेंगे 'शस्त्र पूजन'
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2019 11:54:58 AMनई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज तीन दिवसीय यात्रा पर फ्रांस रवाना होंगे। रक्षा मंत्री कल लड़ाकू विमान राफेल की पहली खेप भी हासिल करेंगे। वह फ्रांस के मेरिगनाक में एक समारोह के दौरान राफेल विमानों की खेप प्राप्त करेंगे। इस दौरान फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लारेंस पर्ली भी मौजूद रहेंगे। रक्षा मंत्री विजयदशमी के अवसर पर वहां शस्त्र पूजा भी करेंगे।
इस मौके पर वह फ्रांस के रक्षा मंत्री के साथ सालाना रक्षा वार्ता में भी हिस्सा लेंगे। फ्रांस यात्रा के दौरान वे राफेल से भी उड़ान भरेंगे। राजनाथ 9 अक्टूबर को फ्रांस के रक्षा उद्योग के अधिकारियों को भी संबोधित करेंगे। बता दें कि आठ अक्टूबर को दशहरा भी है और भारतीय वायुसेना दिवस भी। ऐसे में भारत में मिलने वाले राफेल की तारीख ऐतिहासिक हो सकती है।