राष्ट्रीय
जम्मू/कश्मीर: पाकिस्तान ने कठुआ में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2019 1:32:21 PMजम्मू। पाकिस्तान लगातार जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। इसी के चलते आज सुबह एक बार फिर पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू संभाग के कठुआ जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की तथा मोर्टार दागे। भारतीय जवान भी पाकिस्तान की इस हरकत का जवाब दे रहे हैं। इस गोलीबारी में फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। पाकिस्तान की गोलीबारी से कठुआ जिले के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।
इससे पहले बुधवार को भी पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के केरी सेक्टर और कठुआ जिले की हीरानगर तहसील के मनयारी व पानसर में भारी गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे। यह गोले लोगों के रिहायशी मकानों के पास गिरे जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। यह गोलीबारी देर रात तक जारी रही।
भारतीय सेना भी पाक सेना की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दिया। दूसरी ओर सोमवार देर रात पाकिस्तान ने कठुआ जिले के हीरानगर में स्थित मनयारी पोस्ट पर पाकिस्तान की ओर से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की थी। पाकिस्तान की ओर से की गई इस गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया था।