राष्ट्रीय
पुंछ में पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, सुरक्षा बलों ने दिया करारा जवाब
By Deshwani | Publish Date: 1/10/2019 2:54:43 PMजम्मू। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आ रहा है और लगातार जम्मू कश्मीर की नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखे हुए है। इसी क्रम में आज एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने जम्मू के पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी की तथा मोर्टार दागे। भारतीय जवान भी पाकिस्तान को करारा जवाब दे रहे है। इस गोलीबारी में फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह पाक सेना ने पुंछ जिले के शाहपुर और किरनी सेक्टरों में स्थित अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी की तथा मोर्टार दागे। भारतीय सेना भी पाकिस्तान सेना की इस नापाक हरकत का करारा जवाब दे रही है। खबर लिखे जाने तक शाहपुर और किरनी सेक्टरों में दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी।
वहीं दूसरी ओर सोमवार देर रात पाकिस्तान ने कठुआ जिले के हीरानगर में स्थित मनयारी पोस्ट पर पाकिस्तान की ओर से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की गई। पाकिस्तान की ओर से की गई इस गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान का उपचार सैन्य अस्पातल में जारी है।