ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राष्ट्रीय
हिन्दी दिवस पर उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी सहित अन्य नेताओं ने देशवासियों को दी बधाई
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2019 12:58:19 PM
हिन्दी दिवस पर उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी सहित अन्य नेताओं ने देशवासियों को दी बधाई

नई दिल्ली। आज पूरा देश हिन्दी दिवस मना रहा है। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृहमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत कई नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी है।
 
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्विट संदेश में लिखा, 'हर भाषा वंदनीय है, भारत की हर भाषा का साहित्य हमारी सांस्कृतिक विरासत है। हमारी भाषाएं हमारे साझा संस्कारों को अभिव्यक्ति देती हैं। हमारी भाषाएं हमारी सांस्कृतिक, भावनात्मक और राष्ट्रीय एकता का सूत्र हैं।' उन्होंने दूसरे ट्विट में देशवासियों से अपील की कि हमारी भारतीय भाषाओं और हिंदी के बीच संवाद को प्रोत्साहित करें। यह संवाद हिंदी को अन्य भारतीय भाषाओं के शब्दों, अलंकारों और मुहावरों से और समृद्ध करेगा। इससे हिंदी का प्रचार-प्रसार और व्यापक होगा।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा कि हिंदी दिवस पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। भाषा की सरलता, सहजता और शालीनता अभिव्यक्ति को सार्थकता प्रदान करती है। हिंदी ने इन पहलुओं को खूबसूरती से समाहित किया है।
 
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी हिन्दी दिवस पर लोगों कों बधाई दीं। उन्होंने ट्विट कर लिखा, 'हिन्दी हमारी राष्ट्रभाषा है। आज हर क्षेत्र में हिन्दी का प्रयोग बढ़ा है। बीते लोकसभा सत्र में भी हिन्दी का ज़्यादा से ज़्यादा उपयोग किया गया। हिन्दी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की प्रतीक है।' आगे उन्होंने लिखा कि 14 सितम्बर, 1949 को भारत की संविधान सभा ने विस्तृत चर्चा के पश्चात् हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्‍वीकार किया था। राष्ट्रभाषा किसी राष्ट्र की धमनियों में संचालित होने वाली राष्ट्रीयता के रक्त की धारा होती है।
 
भाजपा अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, 'आज हिंदी दिवस के अवसर पर मैं देश के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि हम अपनी-अपनी मातृ भाषा के प्रयोग को बढ़ाएं और साथ में हिंदी भाषा का भी प्रयोग कर देश की एक भाषा के पूज्य बापू और लौह पुरुष सरदार पटेल के स्वप्न को साकार करने में योगदान दें।'
 
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि हिंदी दिवस के अवसर पर सभी हिंदी प्रेमियों एवं इस भाषा के प्रचार प्रसार से जुड़े हुए सभी महानुभावों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हिंदी भारत ही नहीं विश्व के कई देशों में प्रमुखता से बोली जाने वाली भाषा है। हिंदी समेत सभी भारतीय भाषाओं का संवर्धन हम सभी की ज़िम्मेदारी है। 
 
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने संदेश में लिखा कि हिंदी भारत में सर्वाधिक बोली एवं समझी जाने वाली भाषा है जो हम सभी भारतीयों को एकता के सूत्र में पिरोती है एवं विश्व में हमारी पहचान भी है। आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आइए हम सभी अपने दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाएं एवं दूसरों को भी प्रेरित करें।
 
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से दिए बधाई संदेश में लिखा कि आप सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज ही के ऐतिहासिक दिन संवैधानिक प्रावधानों के तहत हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया था।
 
इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता बनर्जी, भाजपा सरकार के केंद्रीय मंत्रियों प्रकाश जावड़ेकर, धमेंद्र प्रधान, रामविलास पासवान, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, डॉ हर्षवर्धन और दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी हिन्दी दिवस पर देशवासियों को बधाई दी है।
 
उल्लेखनीय है कि 14 सितम्बर,1949 को संविधान सभा ने एक मत से यह निर्णय लिया कि हिन्दी ही भारत की राजभाषा होगी। इसी महत्वपूर्ण निर्णय के महत्व को प्रतिपादित करने तथा हिन्दी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राजभाषा प्रचार समिति, वर्धा के अनुरोध पर वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितम्बर को प्रतिवर्ष हिन्दी-दिवस के रूप मनाए जाने का निर्णय लिया गया।
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS