राष्ट्रीय
पाकिस्तानी सैनिकों को भारतीय सेना ने किया ढेर, सफेद झंडा दिखाकर ले जाने पड़े शव
By Deshwani | Publish Date: 14/9/2019 12:35:19 PMनई दिल्ली/श्रीनगर। पाकिस्तान के शर्मनाक चेहरे को उजागर करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सीजफायर का उल्लघंन करने के दौरान मारे गए सैनिकों के शव को पाकिस्तान ले गया है। शव उठाने के लिए पाकिस्तानी सैनिक सफेद झंडा लेकर आए।
यह घटना 10 या 11 सितंबर का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथ में सफेद झंडा लिए पाकिस्तानी सैनिक मरे हुए सैनिकों के शवों को वापस ले जाते हैं। सफेद झंडे का मतलब आत्मसमर्पण करना या विरोधियों को एक निश्चित समय के लिए लड़ने से रोकने की मांग करना है।
सेना के सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के हाजीपुर सेक्टर में सिपाही गुलाम रसूल को मार डाला। शुरू में पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम उल्लंघन को तेज करके शव को वापस लेने की कोशिश की। पंजाबी मुस्लिम सैनिक को वापस लेने के प्रयास में एक अन्य पाकिस्तानी पंजाबी मुस्लिम सैनिक को जान गंवानी पड़ी।
सेना के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना दो दिनों से लगातार कोशिशों के बावजूद शवों को बरामद नहीं कर सकी। 13 सितंबर को पाकिस्तानी सेना ने सफेद झंडा दिखाया और शव बरामद किए। भारतीय सेना ने यहां मानवता दिखाते हुए उन्हें उनके सैनिकों के शवों को ले जाने दिया।