राष्ट्रीय
गणपति विसर्जन के समय बड़ा हादसा, नाव पलटने से 11 लोगों की मौत, रेस्क्यू में जुटे एनडीआरएफ की टीम
By Deshwani | Publish Date: 13/9/2019 10:28:05 AMभोपाल। मध्य प्रदेश में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। भोपाल में छोटे तालाब स्थित खटलापुरा घाट पर आज सुबह साढ़े चार बजे गणपति विसर्जन के दौरान नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई। तलाशी अभियान के दौरान बचावकर्मियों ने घाट से 11 लोगों को शव बरामद कर लिए हैं। बचावकर्मियों के द्वारा रेस्क्यू अभियान अब भी जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 19 लोग सवार थे। पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और तीन लोगों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मारे गए लोग पिपलानी के 100 क्वार्टर के रहने वाले थे। दो नाव में 19 लोग सवार होकर गणेश मूर्ति का विसर्जन कर रहे थे। मौके पर एसडीआरएफ की टीम, गोताखोर और पुलिस की टीम मौजूद है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। गणेश विसर्जन के दौरान यह हादसा हुआ था। कुछ लोग नाव पर सवार होकर खटलापुरा के छोटी झील के बीचों बीच भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन करने के लिए गए थे। उसी दौरान नाव पलट गई और ये हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, दो नाव आपस में जुड़ी थीं, इन पर 22-23 लोग सवार थे। सभी लोग 27-28 साल उम्र के थे। कोई भी लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए था। एक नाव पलटी तो लोग दूसरी पर कूद गए। लिहाजा नाव का संतुलन बिगड़ गया और वो भी पलट गई।
घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा खटलापुरा घाट पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। पता किया जाएगा कि घटना कैसे हुई। मंत्री शर्मा ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। मंत्री पीसी शर्मा मौके पर रहकर स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी और परिजनों की हरसंभव मदद करेंगे।