ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राष्ट्रीय
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू एवं प्रधानमंत्री मोदी ने दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं
By Deshwani | Publish Date: 5/9/2019 10:45:53 AM
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू एवं प्रधानमंत्री मोदी ने दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। राष्ट्रपति कोविंद ने आज ट्वीट कर लिखा, 'शिक्षक दिवस पर मैं डॉ एस. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देता हूं।' उन्होंने लिखा, 'शिक्षक युवा दिमाग को मजबूत मूल्यों के साथ प्रभावित करते हैं और उन्हें उत्सुक होने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसा कर वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्व भूमिका निभाते हैं।'

 
वहीं उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारत के पहले उपराष्ट्रपति, प्रकांड विद्वान और ओजस्वी वक्ता डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक और गुरु वृंद को सादर प्रणाम करता हूं। उन्होंने लिखा कि नए भारत की नव आकांक्षाएं आपके स्नेहिल शिक्षण और संरक्षण में ही आकार लेंगी। नए भारत के भावी नागरिकों की आशाओं आकांक्षाओं का मार्गदर्शन करें। उन्हें राष्ट्रीय दायित्व और सामाजिक संस्कारों से जोड़ें। आपके अभिनंदनीय प्रयासों को प्रणाम करता हूं। 
 
नायडू ने पूर्व राष्ट्रपति द्वारा किए गए संसदीय लोकतंत्र के कार्यों की चर्चा करते एक अन्य ट्वीट में लिखा कि हमारे संसदीय लोकतंत्र के शुरुआती वर्षों में आपने अपनी विद्वत्ता से उसकी परंपराओं और मर्यादाओं को समृद्ध किया, जो आज भी अनुकरणीय है। उन मर्यादाओं का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही पुण्यात्मा को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें राधाकृष्णन के महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया गया है। वीडियों में पूर्व राष्ट्रपति के कुछ भाषणों को भी दर्शाया गया है। मोदी ने उनको याद करते हुए लिखा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारत के एक असाधारण शिक्षक और गुरु डॉ एस. राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।
 
उल्लेखनीय है कि आज का दिन वर्ष 1962 से देश के दूसरे राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और एक शिक्षक डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। डॉ राधाकृष्णन का जन्म 05 सितम्बर,1888 को तमिलनाडु के तिरुतनी नाम के गांव में हुआ था। राजनीति में आने से पहले उन्होंने अपने जीवन के 40 वर्ष अध्यापन को दिये थे। उनका कहना था कि जहां कहीं से भी कुछ सीखने को मिले उसे अपने जीवन में उतार लेना चाहिए। वह पढ़ाने से ज्यादा छात्रों के बौद्धिक विकास पर जोर देने की बात करते थे। वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानति किया गया था। वे बचपन से ही किताबें पढ़ने के शौकीन थे और स्वामी विवेकानंद से काफी प्रभावित थे। 17 अप्रैल,1975 को चेन्नई में उनका निधन हो गया था।
 
आपको बता दें कि दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में अलग-अलग तारीख पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है। हालांकि विश्व शिक्षक दिवस 5 अक्तूबर को मनाया जाता है। तो इस शिक्षक दिवस पर आप भी अपने गुरु को दें सम्मान। शिक्षक से जुड़े ये दोहे और पक्तियां: 
 
 
गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णु गुरुर्देवो महेश्वर
गुरुर्शाक्षात परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नम:
 
गुरू गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागूं पांय। 
बलिहारी गुरू अपने गोविन्द दियो बताय
 
कुमति कीच चेला भरा, गुरु ज्ञान जल होय।
जनम-जनम का मोरचा, पल में डारे धोया॥
 
गुरु समान दाता नहीं, याचक शीष समान।
तीन लोक की सम्पदा, सो गुरु दीन्ही दान॥
कबीरदास
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS