राष्ट्रीय
असम में एनआरसी की फाइनल लिस्ट हुई जारी, 19 लाख से ज्यादा लोगों का नाम सूची से बाहर
By Deshwani | Publish Date: 31/8/2019 11:16:30 AMगुवाहाटी। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) की अंतिम सूची आज जारी कर दी गयी है। nrcassam.nic.in पर क्लिक करने के बाद अपना ऐप्लिकेशन रिफरेंस नंबर और कैप्चा कोड डालकर आप एनआरसी सूची को चेक कर सकते हैं। हालांकि वेब साइट पर ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से खुलने में थोड़ा समय लग रहा है।
एनआरसी सूची की ओर से जारी तथ्यों के अनुसार एनआरसी में कुल तीन करोड़ ग्यारह लाख इक्कीस हजार चार (3,11,21,004) लोगों का नाम शामिल किया गया है। जबकि उन्नीस लाख छह हजार छह सौ सत्तावन (19,06,657) लोगों के नाम सूची से बाहर हैं। हालांकि एनआरसी में नाम दाखिल करने के लिए तीन करोड़ 29 लाख से अधिक लोगों ने आवेदन किया था।
एनआरसी सेवा केन्द्रों पर लोगों की काफी भीड़ देखी जा रही है। वहीं लोग ऑनलाइन भी काफी संख्या में अपना नाम सूची में देख रहे हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राज्यभर में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। राज्य के 14 संवेदनशील घोषित जिलों में एहतियातन धारा-144 (निषोधाज्ञा) लागू है। साथ ही जिलों में सुरक्षा बल विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।