राष्ट्रीय
नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर, दो जवान घायल, इलाके में सर्च आपरेशन जारी
By Deshwani | Publish Date: 24/8/2019 11:59:02 AMरायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं घटना में डीआरजी के दो जवान भी घायल हुए हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने बताया कि जिले के ओरछा थानाक्षेत्र के अंतर्गत धूरबेड़ा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया है और डीआरजी के दो जवान भी घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अवस्थी ने बताया कि पुलिस को नारायणपुर के अबूझमाड़ के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों को अबूझमाड़ के जंगलों में भेजा गया। जवान नदी और नाले को पार करते हुए जंगल में नक्सलियों की तलाश कर रहे थे। इस बीच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के जवानों को देखते ही उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। करीब एक घंटे चली मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए। वहीं मुठभेड़ में दो जवाब भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान चलाते हुए जवानों ने पांच नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं इस मुठभेड़ में कुछ और नक्सली के घायल होने की संभावना जताई गई है। डीआईजी नक्सल ऑपरेशन पी. सुंदरराज ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अब भी इलाके में सर्चिंग जारी है।