राष्ट्रीय
जम्मू-कश्मीर: राजौरी में पाक की गोलीबारी में गोरखा रेजिमेंट का जवान शहीद
By Deshwani | Publish Date: 23/8/2019 3:42:58 PMराजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में आज सुबह सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर के कलसियां क्षेत्र में पाक ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की। इस गोलाबारी में सेना की गोरखा रेजिमेंट का जवान राजीव थापा (34) शहीद हो गया। भारतीय जवान भी पाक की इस गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।
आज सुबह पाक सेना ने कलसियां क्षेत्र की नियत्रंण रेखा के पास भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। पाक सेना की इस गोलाबारी में भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट का जवान गांव मेचपारा जिला जलपाईगुरी पश्चिम बंगाल निवासी राजीव थापा घायल हो गया। उसे तुरन्त अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान राजीव थापा ने दम तोड़ दिया। भारतीय जवान भी पाक की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से गोलबारी जारी थी।
राजौरी और पुंछ जिलों की नियत्रंण रेखा पर पाक सेना की लगातार गोलीबारी के कारण सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में काफी डर का माहौल बना हुआ है।