राष्ट्रीय
पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर का निधन, लंबे समय से थे बीमार
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2019 11:39:35 AMभोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर का आज सुबह निधन हो गया। उनका स्वास्थ्य काफी दिनों से खराब था। सात अगस्त को उन्हें गंभीर हालत में भोपाल के नर्मदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पिछले महीने ही बाबूलाल गौर की गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई थी लेकिन उसके बाद से उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाबूलाल गौर 89 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात से ही उनकी हालत और बिगड़ती गई। उनका ब्लड प्रेशर कम होता गया और पल्स रेट भी गिरता गया। उन्हें लगातार लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनकी किडनियों ने भी काम करना बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि जबसे गौर एंजियोप्लास्टी कराकर लौटे तभी से उन्हें काफी कमजोरी हो गई थी। उनकी तीन नसें ब्लॉक बताई गई थीं इसलिए अधिक उम्र के बावजूद उनका ऑपरेशन करना पड़ा।
बता दें कि उमा भारती के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उन्होंने प्रदेश की कमान संभाली थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता गौर 2004-2005 में प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अपनी परंपरागत गोविंदपुरा विधानसभा सीट से 10 बार चुनाव जीत थे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि गौर भोपाल के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते थे और उनका निधन प्रदेश की राजनीति से एक ऐसे व्यक्ति का चले जाना है, जो दलीय राजनीति से ऊपर सर्वमान्य नेता थे।