राष्ट्रीय
कर्नाटकः येदियुरप्पा प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से करेंगे आज बात
By Deshwani | Publish Date: 24/7/2019 12:36:45 PMनई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की कुमारस्वामी सरकार के गिरने के बाद अब भाजपा ने सरकार बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा आज राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात करेंगे। हालांकि वो पहले प्रधानमंत्री मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से बात करेंगे, उसके बाद ही राज्यपाल से मिलने जाएंगे।
कुमारस्वामी सरकार गिरने के बाद कर्नाटक के नए सीएम बनने जा रहे येदियुरप्पा ने कहा कि अब से विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी। ये कर्नाटक के लोगों और लोकतंत्र की जीत है, लोग कुमारस्वामी सरकार से तंग आ चुके थे।
येदियुरप्पा ने कहा कि उनका मुख्य फोकस राज्य के किसानों पर रहेगा जो सूखे और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। हमारे किसान सूखे और अन्य दिक्कतों से परेशान हैं और मैं कर्नाटक के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि किसानों को और ज्यादा महत्ता दी जाएगी जिससे वो लोग खुशी से जीवन बिता सकें। उन्होंने कहा कि जैसे ही उनकी नई सरकार चार्ज संभालेगी वो इस बारे में जितना जल्दी हो सकेगा फैसला लेगी।
वहीं बीजेपी ने सरकार गठन का फूलप्रूफ प्लान बनाया है ताकि अंतिम समय तक कोई 'खेल' न हो सके। यही वजह है कि मुंबई में कैंप कर रहे कांग्रेस-जेडीएस के बागी विधायक येदियुरप्पा के सीएम पद की शपथ लेने के बाद ही बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे।