राष्ट्रीय
कर्नाटक मुद्दे पर कांग्रेस, तृणमूल और एनसीपी ने किया लोकसभा में हंगामा,
By Deshwani | Publish Date: 19/7/2019 3:35:19 PMनई दिल्ली। लोकसभा में आज कर्नाटक के सियासी उठापटक को लेकर कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया और अध्यक्ष के आसन के समीप जाकर नारेबाजी भी की। शुक्रवार को सदन की बैठक शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल की कार्रवाई शुरू की।
इसी बीच कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सदस्यों ने अपने स्थान पर खड़े होकर प्रश्नकाल स्थगित कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल (एस) सरकार को गिराने की साजिश का आरोप लगाने लगे। विपक्षी सदस्य के हाथों में पोस्टर भी थे, जिसे वह सदन में लहरा रहे थे।
लोकसभा अध्यक्ष के कई बार के आग्रह करने के बावजूद कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी के सदस्य अपनी मांग पर अड़े रहे। इस बीच, अध्यक्ष ने प्रश्नकाल की कार्रवाई जारी रखी। विपक्षी सदस्य भी आसन के समीप पहुंच कर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाने लगे।
अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में शून्यकाल में भी विपक्ष को दो बार इस विषय पर बात करने की अनुमति दी जा चुकी है। इसके बावजूद, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे। प्रश्नकाल समाप्ति के बाद अध्यक्ष ने महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन के पटल पर रखने की प्रक्रिया पूरी कराई। तत्पश्चात कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को विपक्ष की ओर से मुद्दा उठाने का मौका दिया, जिसके साथ ही हंगामा कर रहे सदस्य सीट पर लौट गए।