ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राष्ट्रीय
लक्ष्य जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उतनी ही ज्यादा होगी: प्रधानमंत्री मोदी
By Deshwani | Publish Date: 6/7/2019 3:49:17 PM
लक्ष्य जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उतनी ही ज्यादा होगी: प्रधानमंत्री मोदी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचे। उन्होंने लोगों से कहा हमने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य तय किया है। हमारे सामूहिक प्रयास पांच वर्ष में इस पड़ाव तक जरूर पहुंचाएंगे। उन्होंने बड़े केक का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उतनी ही ज्यादा होगी। 

 
प्रधानमंत्री ने कहा कुछ लोग कहते हैं कि इसकी क्या जरूरत है। ये सब क्यों किया जा रहा है। ये वो वर्ग है, जिन्हें हम ‘पेशेवर निराशावादी’ भी कह सकते हैं। दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद स्थानीय सांसद नरेन्द्र मोदी पहली बार बनारस पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, आप किसी सामान्य व्यक्ति के पास समस्या लेकर जाएंगे तो वो आपको समाधान देगा, लेकिन पेशेवर निराशावादियों के पास आप समाधान लेकर जाएंगे तो वो उसे समस्या में बदल देंगे। देश को ऐसे नकारात्मक लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। 
 
उन्होंने कहा कि पांच ट्रिलियन डॉलर के सफर को आसान बनाने के लिए स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और सुंदर भारत बनाने पर फोकस किया जा रहा है। बीते वर्षों में स्वच्छता के लिए देश के हर नागरिक ने जो योगदान दिया है, उससे स्वस्थ भारत बनाने की हमारी कोशिश को बल मिला है।  सदस्यता अभियान पर प्रधानमंत्री ने कहा,  आज (शनिवार)  से सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। दल के साथ देश के दूत बनकर हमें काम करना है। सदस्यता अभियान राष्ट्र की प्रगति के लिए विश्वास, दोस्ती और बंधुत्व का मजबूत सूत्र है। 
 
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने एक कविता कही। इस कविता के जरिए उन्होंने समझाने की कोशिश की कि देश तो पहले भी चला और आगे भी बढ़ा, लेकिन अब बदलते भारत दौड़ने को बेताब है। 
 
वो जो सामने मुश्किलों का अंबार है,
उसी से तो मेरे हौसलों की मीनार है.
चुनौतियों को देखकर, घबराना कैसा,
इन्हीं में तो छिपी संभावना अपार है.
विकास के यज्ञ में जन-जन के परिश्रम की आहुति,
यही तो मां भारती का अनुपम श्रृंगार है.
गरीब-अमीर बनें नए हिंद की भुजाएं,
बदलते भारत की, यही तो पुकार है.
देश पहले भी चला, और आगे भी बढ़ा.
अब न्यू इंडिया दौड़ने को तैयार है,
दौड़ना ही तो न्यू इंडिया का सरोकार है।
 
लोकसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर लोगों की पीठ थपथपाते हुए कहा, जीत के पीछे कार्यकर्ताओं का खून-पसीना है। एक कार्यकर्ता के तौर पर भाजपा का सदस्य होने के नाते अपने आपको हमें कभी कम नहीं आंकना चाहिए। भाजपा का कार्यकर्ता कमाल कर सकता है। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS