तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के मशहूर गुरुवायूर कृष्ण मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। यहां 'तुला भरण' पूजन परंपरा के तहत उन्हें कमल के फूलों से तौला गया। पूजा-अर्चना करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी कार्यकर्ताओं की 'अभिनव सभा' को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि केरल उनके लिए बनारस की तरह से है। जो हमें जिताते हैं वे भी हमारे हैं, जो इस बार हमें जिताने में चूक गए हैं, वे भी हमारे हैं। हम राजनीति में सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि हम राजनीति में देश बनाने आए हैं। उन्होंने कहा, 'जनता-जर्नादन ईश्वर का रूप है, ये इस चुनाव में देश ने भलि-भांति देखा है। राजनीतिक दल जनता के मिजाज के नहीं पहचान पाए लेकिन जनता ने भाजपा और एनडीए के पक्ष में प्रचंड जनादेश दिया। मैं सिर झुकाकर जनता को नमन करता हूं।'
मोदी ने कहा, हम भाजपा कार्यकर्ता चुनावी राजनीति के लिए मैदान में नहीं होते हैं। हम 365 दिन जनता की सेवा में लगे रहते हैं। हमें जनप्रतिनिधि 5 साल के लिए जनता बनाती है लेकिन हम जनसेवक हैं, जो आजीवन होते हैं और जनता के लिए समर्पित होते हैं। उन्होंने कहा, 'चुनाव के दौरान भारत की 130 करोड़ की जनता ने सकारात्मकता को स्वीकार किया और एक नए जोश के साथ नकारात्मकता को खारिज कर दिया। इसने विश्व पटल पर देश के रुख को मजबूत किया।'
पीएम ने कहा कि केरल की युवा पीढ़ी के लिए पर्यटन रोजगार का स्रोत है। एनडीए सरकार की योजनाओं का असर अब दिख रहा है और देश पर्यटन के मानचित्र में काफी आगे आ गया है। केरल में हेरिटेज टूरिज्म की काफी संभावना है और सरकार इसके लिए प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि निपाह वायरस केरल में सामने आया है। मैं राज्य सरकार और केरल की जनता को आश्वासन देता हूं कि इस वायरस से निपटने के लिए केंद्र की ओर से उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा।