ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राष्ट्रीय
रोहतक में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-कांग्रेस के लिए मनुष्‍यों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं
By Deshwani | Publish Date: 10/5/2019 6:07:43 PM
रोहतक में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-कांग्रेस के लिए मनुष्‍यों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं

रोहतक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज जाटलैंट की विजय संकल्प रैली में  कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस और उनके नेताओं से सावधान रहे। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी के गुरू और राजीव गांधी के करीबी रहे सैम पित्रोदा ने 1984 के दंगों के बारे में कहा है कि जो हुआ, सो हुआ। इतने लोगों की जानें गईं और ये लोग कह रहे हैं कि जो हुआ, सो हुआ. कांग्रेस के लिए मनुष्‍यों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं है।

 
रोहतक हाइवे के मेला ग्राउंड पर बनाए गए मंच से प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस की खोपड़ी में अहंकार है। इनके अहंकारी नेताओं के लिए मानवता का कोई मायने नहीं है। चिलचिलाती धूप में लोगों से जीवंत संवाद कायम किया। हरियाणा को अपना घर बताते हुए लोगों से जज्बाती रिश्ता जोड़ा। 
 
मोदी ने कहा,' मैंने हरियाणा का नमक खाया है और हरियाणा ने मुझे पाला पोसा है।' प्रधानमंत्री की रैली में उमड़े जनसमूह ने यह सुनकर वातावरण को नारों से गुंजायमान कर दिया। उन्होंने कहा, 'मैं आप लोगों की तपस्या को व्यर्थ नहीं जाने दूंगा। यह चौकीदार देश की सेवा में 24 घंटे खड़ा रहेगा। आप लोगों का आशीर्वाद, मेरी मेहनत और ईमानदारी ही मेरी ताकत है। मैंने 2014 में वादा किया था कि देश को झुकने नहीं दूंगा। यह वादा मैंने पूरा किया है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत दुनिया की तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है। 2014 में आर्थिक ताकत के रूप में भारत का 11वां स्थान था। इस मामले में आज छठा नंबर है। भारत नित्य नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश में सबसे तेज गति से चलने वाली ट्रेन वंदे भारत हो या फिर मोबाइल फोन। सबकुछ भारत में बन रहा है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। जल, थल, नभ के अलावा अंतरिक्ष में भी हमने सर्जिकल स्ट्राइक करने की क्षमता पैदा की है। 
 
मोदी ने अपने अंदाज में जनता से सवाल किया- यह सारा काम किसने किया है? इस पर लोगों ने मोदी-मोदी की आवाज लगाई। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा रोहतकवालो आपका जवाब गलत है। रोहतक वाले ऐसी गलती करेंगे इसका मुझे अंदाजा नहीं था। यह सारा काम आपके एक वोट ने किया है। आपके वोट की ताकत से देश दुनिया का सिरमौर बन रहा है। 
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा मुझे रोहतक की रेवड़ियां बहुत पसंद थीं, लेकिन यहां के पूर्व मुख्यमंत्री ने नौकरियों को रेवड़ियों की तरह बांटा। यहां के पूर्व मुख्यमंत्री ने नामदारों के साथ मिलकर जमीन का खेल खेला। उस जमीन पर भ्रष्टाचार की खेती की। वो नामदार आज जमानत पर है और आपका सहयोग मिला तो जल्द ही जेल के अंदर होगा। प्रधानमंत्री ने वन रैक-वन पेंशन का भी जिक्र किया। कहा, कांग्रेस नेता कभी भी राष्ट्रवाद पर बात नहीं करते। कांग्रेस की खोपड़ी में कितना जहर है, यह समझौता ब्लास्ट के दौरान भी देखने को मिला। इन्होंने आतंकियों को भगा दिया और बेकसूर लोगों को जेल भेज दिया। हिंदू आतंकवाद का नाम भी गढ़ा। यह कर कांग्रेस ने हमारी संस्कृति को गाली दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, 2014 से पहले आतंकी हमले होते थे।
 
उन्होंने कहा भारत की कमजोर सरकार रोती रहती थी। हमने सत्ता में आते ही इस नीति को बदल दिया और जवानों को खुली छूट दी। आज हमारे जवान आतंकियों को उनके घर में घुसकर मार रहे हैं। पाकिस्तान गोली चलाएगा तो आपका यह चौकीदार गोला चलाएगा। आतंक की खेती करने वाला पाकिस्तान पूरी दुनिया में अकेला पड़ गया है। विजय संकल्प रैली को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा 2005 से 2014 तक हुड्डा का शासन हरियाणा में रहा। तभी से दोनों बापू-बेटे सत्ता में बने हुए हैं। अब बापू-बेटे को लपेटने का वक्त आ गया है। हरियाणा में मनोहर और देश में मोदी के नेतृत्व में जमकर विकास हुआ है। 
 
रोहतक लोकसभा सीट से उम्मीदवार डा. अरविंद शर्मा ने कहा आप लोगों ने मुझे बहुत प्रेम दिया है। मैं सारी उम्र आपकी सेवा करता रहूं तो भी कर्ज नहीं उतार सकता। उन्होंने कहा रोहतक, रेवाड़ी, महम, बेरी और कोसली बहादुर सैनिकों का इलाका है। शर्मा ने रैली में जनसमूह का आभार ज्ञापित किया। 
 
इस मौके पर हरियाणा के कृषिमंत्री ओम प्रकाश धनखड़, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सदस्य डॉ अनिल जैन, हरियाणा के लोकसभा चुनाव प्रभारी व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्‌ट, हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक कृष्ण मिढा, विधायक विक्रम यादव, विधायक महिपाल ढांडा, विधायक नरेश कौशिक, विधायक जसबीर देसवाल, रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल, रोहतक भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, झज्जर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र दलाल आदि मौजूद थे। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS