राष्ट्रीय
निर्भया के माता-पिता ने लिया यह बड़ा फैसला
By Deshwani | Publish Date: 26/4/2019 2:47:10 PM पटना। निखिल कुमार। निर्भया के माता-पिता ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यह तय किया है कि इस बार वे मतदान नहीं करेंगे। उनका कहना है कि नेताओं से लेकर अधिकारियों तक के कार्यालय के कई चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें इस सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है कि आखिर दोषियों को फांसी पर लटकाने में इतनी देरी क्यों हो रही है , क्योंकि उनकी बेटी को अब तक न्याय नहीं मिला?
जिस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था उस घटना के बाद से केंद्र में दो अलग-अलग दलों की सरकार आई लेकिन दोषियों को सजा नहीं मिली। ऐसे में भला हम किस पर भरोसा करें किसे अपना मत दें? इसलिए बहुत दुख के साथ हमने यह फैसला लिया है कि हम इस बार मतदान नहीं करेंगे।
निर्भया की मां का कहना है कि वसंत विहार मामले के तत्काल बाद देश में महिला सुरक्षा को सभी राजनीतिक दलों की ओर से एक अहम मुद्दा करार दिया गया था। देश की जनता सड़कों पर उतर आई थी। ऐसा लग रहा था कि अब सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर बहुत अधिक ध्यान देगी, पर असलियत तो यह है कि आज तक निर्भया के दोषियों को फांसी के फंदे पर नहीं लटकाया गया।
निर्भया के पिता ने कहा कि सभी पार्टियां महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन उनके पास इसके लिए कोई रोडमैप नहीं। उन्होंने कहा कि 2013 के बजट में केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1 कोस निर्भया निधि का समुचित ढंग से इस्तेमाल नहीं किया गया है।
वर्ष 2012 में दिल्ली के वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म मामले के दोषियों को कोर्ट द्वारा दी गई फांसी की सजा पर अब तक अमल नहीं होने से परेशान निर्भया के माता-पिता ने साफ-साफ यह कहा है कि वह इस बार मतदान नहीं करेंगे।