ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
राष्ट्रीय
गुजरात व केरल की सभी सीटों सहित 13 राज्यों एवं दो केंद्र शासित प्रदेशों की 116 सीटों पर कल मतदान
By Deshwani | Publish Date: 22/4/2019 7:12:26 PM
गुजरात व केरल की सभी सीटों सहित 13 राज्यों एवं दो केंद्र शासित प्रदेशों की 116 सीटों पर कल मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 13 राज्यों एवं दो केन्द्र शासित प्रदेशों की 116 सीटों और ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा। इस तीसरे चरण में सर्वाधिक सीटों पर मतदान होगा।

 
तीसरे चरण के मतदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह (गांधीनगर), कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी(वायनाड), समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (मैनपुरी), शरद यादव, शशि थरूर, वरुण गांधी (पीलीभीत), जयाप्रदा (रामपुर), आजम खान, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राक्रांपा) की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले(बारामती), पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी (जंगीपुर) की प्रतिष्ठा दांव पर है।
 
तीसरे चरण में लोकसभा की 116 सीटों पर 1600 से ज्यादा उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस चरण में गुजरात की सभी 26 सीटों के साथ ही बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गोवा की दो, कर्नाटक की 14, केरल की सभी 20 सीटें, जम्मू-कश्मीर की एक, महाराष्ट्र की 14, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की दस, पश्चिम बंगाल की पांच, असम की चार, दमन एवं दीव और त्रिपुरा की त्रिपुरा-पूर्व लोकसभा सीट पर भी मतदान संपन्न कराया जाएगा।
 
ओडिशा में लोकसभा की छह सीटों के साथ ही राज्य विधानसभा की 147 सीटों में से 42 पर तीसरे चरण में मतदान संपन्न कराया जाएगा। इनमें से ज्यादातर सीटें मध्य एवं तटीय ओडिशा के इलाकों से है। यह सीट हैं- ढेंकानाल, कटक, पुरी, संबलपुर, क्योंझर, भुवनेश्वर। यहां राज्य सत्ता में काबिज बीजू जनता दल (बीजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां के कई इलाकों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है और वहां उचित सुरक्षा इंतेजाम किए गए हैं। 
 
तीसरे चरण में गुजरात की सभी 26 सीटों पर मतदान होगा। राज्य की गांधीनगर लोकसभा सीट से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा ध्रांगधरा, मानवादार, ऊंझा और जामनगर(ग्रामीण) सीटों पर भी उपचुनाव होगा।
 
छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण में होने वाला मतदान राज्य में मतदान प्रक्रिया को पूरा कर देगा। इस चरण की सात सीटों कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर, सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चंपा पर 123 उम्मीदवार खड़े हैं। कर्नाटक की उत्तरी कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसमें बीजापुर, गुलबर्गा, रायचूर, बीदर, कोप्पल, चिक्कोडी, बेलगांव, बगलकोट, धारवाड़ा, उत्तर कन्नड़, बेल्लारी, हावेरी, शिमोगा, दावणगेरे शामिल हैं। तीसरे चरण के मतदान के साथ ही दक्षिण भारत में चुनाव पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
 
तीसरे चरण में केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान होगा, जिसमें 227 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस बार यहां की वायनाड सीट से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी चुनाव मैदान में हैं। राजधानी तिरुअनंतपुरम सीट से शशि थरूर मैदान में हैं और वह यहां से लगातार तीसरी बार जीतना चाहेंगे। उनके खिलाफ भाजपा की ओर से मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन और एलडीएफ उम्मीदवार सी. दिवाकरन मैदान में हैं। पथानामथिट्टा सीट पर भी सबकी निगाहें होंगी, जहां हाल ही में आंदोलनों के चलते सुर्खियों में आया सबरीमाला मंदिर स्थित है। त्रिशूर में भाजपा ने राज्यसभा सांसद और अभिनेता सुरेश गोपी को मैदान में उतारा है। जबकि चालकुडी में अभिनेता हास्य अभिनेता मिस्टर इनोसेंट, एलडीएफ द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
 
असम की चार लोकसभा सीटों पर 54 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां के दुर्गम क्षेत्रों के लिए कई स्थानों पर पोलिंग टीम पहले ही निकल चुकी है। बोट, हाथी, मोटरसाइकिलों का प्रयोग कर सामग्री दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है। 
 
महाराष्ट्र की 14 लोकसभा सीटों के लिए 249 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से नौ सीटें वर्तमान में राजग गठबंधन के पास है। यहां की बारामती सीट से सांसद एवं एनसीपी नेता शरद पवार की बेटी सुप्रीया सुले एक बार फिर मैदान में है। रायगढ़ से शिवसेना के अनंत गीते, रावेर सीट से वरिष्ठ भाजपा नेता एकनाथ खडसे की बहू रक्षा खडसे मैदान में हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रावसाहेब दानवे भी जालन सीट से पांचवी बार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां की रावेर, जलगांव, औरंगाबाद, जालन, पुणे, बारामती, रायगढ़, सातारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, अहमदनगर, मढ़ा, सांगली, कोल्हापुर, हटकानांगले सीट पर कल मतदान होगा। 
 
गोवा में दो लोकसभा सीटों पर चुनाव और तीन विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव के लिए कल मतदान होगा। लोकसभा की दो सीटों के लिए 12 और विधानसभा की तीन सीटों के लिए 18 उम्मीदवार मैदान में है। दोनों सीटों उत्तरी और दक्षिणी गोवा में एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है। 
 
बिहार की पांच अररिया, झंझारपुर, सुपौल, खगड़िया, मधेपुरा सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा, जिसके लिए 32 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां के 3299 पोलिंग बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 
 
इस चरण में जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग सीट के एक हिस्से में मतदान होगा। यह देश की एकमात्र सीट है, जिसमें सुरक्षा कारणों के चलते तीन चरणों में मतदान हो रहा है। राज्य की चार सीटों पर मतदान हो चुका है और चौथे चरण में लद्दाक सीट पर मतदान होगा। 
 
उत्तर प्रदेश की संभल, मुरादाबाद, रामपुर, एटा, बदायूं, फिरोजाबाद, मैनपुरी, आंवला, बरेली, पीलीभीत सीट पर मतदान होगा। मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे और कुछ इलाकों में शाम छह बजे तक भी होगा।
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS