राष्ट्रीय
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में किया नामांकन, कार्यकर्ताओं ने दिखाई ताकत
By Deshwani | Publish Date: 18/4/2019 3:00:17 PMआजमगढ़ (उप्र)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज आजमगढ़ से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उनके साथ गठबंधन के सहयोगी बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी रहे। नामांकन दाखिल करने से पहले पत्रकारों से संंक्षिप्त बातचीत में अखिलेश ने कहा कि आज़मगढ़ का विकास करते रहे हैं और करते रहेंगे। यहां की जनता समाजवादियों को आशीर्वाद देगी। उन्हीं का आशीर्वाद लेने आया हूं।
नामांकन पत्र भरने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में गठबंधन के पक्ष में वोटों की बारिश हो रही है। सातवां चरण आते-आते कितने वोटों की बारिश होगी यह अंदाजा लगाना मुश्किल है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को केवल पांच नहीं बल्कि सात सालों का हिसाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ समाजवादियों की धरती रही है। यहां का विकास सपा और बसपा ने ही किया है। जनता काम और तरक्की पर उनको वोट देगी। उन्होंने कहा कि मतदान काफी अच्छा चल रहा है उम्मीद है कि पहले चरण से भी अधिक मतदान होगा और आजमगढ़ की जनता समाजवादियों को अच्छे मतों से जिताएगी।
नामांकन के लिए अखिलेश सबसे पहले पुलिस लाइन में हेलीकाफ्तर से उतरे अौर सीधे कार से कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पहले से सपाइयों का हुजूम उमड़ा हुआ था। अखिलेश के आते ही सपाइयों को काबू में रखने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।