राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री मोदी ने बक्सर को दी करोड़ों की सौगात, चौसा में बनेगा थर्मल पॉवर प्लांट
By Deshwani | Publish Date: 9/3/2019 3:28:18 PMनई दिल्ली/पटना। पीएम मोदी ने आज दिल्ली एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में एक रैली को संबोधित करते हुए बिहार के बक्सर जिले को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने चौसा थर्मल पावर प्लांट का शिलान्यास किया।
उन्होंने नोएडा के ही मंच से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दो थर्मल प्लांट का आज शुभारंभ किया। जिसमें पहला प्लांट यूपी के खुर्जा में लगा है जिसपर 12000 से अधिक करोड़ का खर्च आएगा वहीं दूसरा प्लांट बिहार के बक्सर में लग रहा है जिसपर पर करीब 10000 करोड़ खर्च आया है।
प्रधानमंत्री ने बक्सर के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्लांट से काफी बिजली मिलेगी और बिहार में बिजली की स्थिति में सुधार होगा। इससे उद्योग धंधे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने इसपर ध्यान नहीं दिया था।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना की 85 प्रतिशत बिजली बिहार खरीदेगा। वर्ष 2023- 24 तक चौसा प्लांट से बिजली मिलेगी। शाहाबाद के विकास के लिए ये परियोजना अहम है। कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री, अश्विनी चौबे, बिजेंद्र यादव भी शामिल थे।