राष्ट्रीय
'पाकिस्तान ने अपनी बर्बादी का रास्ता अपनाया है': पीएम मोदी
By Deshwani | Publish Date: 15/2/2019 3:46:44 PMझांसी। मोदी ने आज झांसी में 20 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को जमकर खरी खोटी सुनाई। पीएम ने कहा कि देश की एजेंसियों को सारे फैसले करने की इजाजत दी गई है। पुलवामा के गुनहगार और साजिशकर्ताओं को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी। हमारा पड़ोसी देश यह भूल रहा है कि यह नई नीति और नई रीति वाला भारत है। आतंकी संगठनों और उनके आकाओं ने जो हैवानियत दिखायी है उसका पूरा हिसाब किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पड़ोसी देश इस समय आर्थिक बदहाली से गुजर रहा है। वह विश्व में इतना अलग थलग पड़ गया है कि बड़े बड़े देश उससे दूरी बनाने लगे हैं। उसके लिए अपना रोजमर्रा का खर्च चलाना महंगा पड रहा है। कटोरा लेकर मदद के लिए घूम रहा है लेकिन दुनिया में उसे मदद नहीं मिल रही है। पुलवामा जैसी तबाही मचाकर वह सोचता है कि भारत भी बदहाल हो जाएगा तो पाकिस्तान में बैठे लोग यह भली भांति समझ लें कि आपने जो रास्ता अपनाया है उसमे अपनी बर्बादी देखी है। हमने जो रास्ता अपनाया है उससे हमारी उन्नति दुनिया देख रही है।
मोदी ने कहा कि देशवासी इसका मुंहतौड़ जवाब देंगे। आज विश्व के बडे बडे देश हमारे साथ खडे हैं। वह भारत की भावनाओं का समर्थन कर रहे हैं। हमारे पास जो संदेश आ रहे हैं उससे लगता है कि वे भी उतने ही गुस्से में हैं। पूरी विष्व की बिरादरी आतंकवाद को खत्म करने के पक्ष में है। वीरों की यह धरती जानती है कि दुष्मन चाहे कितनी भी साजिश करे लेकिन अपनी रक्षा करना जानती है।