राष्ट्रीय
पाक ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन, पूंछ में रॉकेट लॉन्चर से सैन्य शिविर को बनाया निशाना
By Deshwani | Publish Date: 5/2/2019 5:29:25 PMजम्मू। पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर से संघर्ष विराम का उलंघन किया गया। इस बार यह उलंघन जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में हुआ। यहां नियंत्रण रेखा से लगे कृष्णा घाटी सेक्टर में सैन्य शिविर पर आज हमले किए गए। यह हमले पाकिस्तान की ओर से रॉकेट लॉन्चर से हुए। बताया जा रहा है कि रॉकेट लॉन्चर से दो गोले दागे गए।
एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि भारतीय सैनिकों की तरफ से सीमा के दोनों तरफ नागरिकों की जानमाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जानबूझकर उकसावे की इस घटना का जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि रॉकेट को कृष्णा घाटी सेक्टर के झूलास इलाके में सैन्य शिविर को निशाना बनाकर दागा गया। सुबह करीब साढ़े दस बजे हुए इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर एकजुटता दिवस मना रहा है और इसे ध्यान में रखते हुए जान-बूझकर उसने भारतीय सेना को कड़ी प्रतिक्रिया के लिये भड़काने की कोशिश के तहत यह रॉकेट दागे।
सीमा के दोनों तरफ नागरिकों की रैलियों के मद्देनजर जवाबी कार्रवाई में आम लोगों के जान-माल के नुकसान की आशंका थी। पाकिस्तान की तरफ से आज किये गए संघर्ष विराम उल्लंघन से सीमा पर बीते कई दिनों से चली आ रही शांति भंग हो गई।