राष्ट्रीय
राजस्थान: राहुल से मिले गहलोत और पायलट, चार बजे तक मुख्यमंत्री पद का ऐलान संभव
By Deshwani | Publish Date: 13/12/2018 1:42:28 PMनई दिल्ली। राजस्थान चुनाव परिणाम के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज राज्य के वरिष्ठ नेताओं संग दिल्ली में बैठक कर रहेे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री का नाम तय हो सकता है। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के साथ भी राहुल गांधी ने बैठक की।
कांग्रेस के पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल और प्रियंका वाड्रा भी बैठक में मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक शाम 4 बजे तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। वहीं जयपुर में पायलट और गहलोत के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री और सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाने को लेकर चर्चा हो रही है। वहीं सीपी जोशी को भी डिप्टी सीएम पद देने पर विचार हो सकता है। सचिन पायलट के समर्थक दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर एकत्र हो गए हैं और उनके समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष अविनाश पाण्डेय ने कहा 'राहुल गांधी को रिपोर्ट दे दी गई है। राजस्थान के सीएम पर शाम तक फैसला हो सकता है।'