राष्ट्रीय
अनंत कुमार के निधन पर सदमे में भाजपा नेता, प्रधानमंत्री मोदी बोले- अहम साथी और दोस्त खोया
By Deshwani | Publish Date: 12/11/2018 11:11:05 AMबेंगलुरु। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का आज तड़के बेंगलुरु के शंकरा अस्पताल में निधन हो गया। अनंत कुमार पिछले कुछ महीनों से फेफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे। कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि मैंने अपना एक महत्वपूर्ण साथी और दोस्त खो दिया। मोदी ने कहा कि कुमार एक असाधारण नेता थे जो युवावस्था में ही सार्वजनिक जीवन में आए और काफी लगन और सेवा भाव से समाज की सेवा की।
उन्होंने कहा कि वह अपने अच्छे कार्य के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि अनंत कुमार जी सक्षम प्रशासक थे, जिन्होंने कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और भाजपा संगठन के लिए एक धरोहर थे। उन्होंने पार्टी को कर्नाटक और खासतौर पर बेंगलुरु और आस-पास के क्षेत्रों में मजबूत करने के लिए कठोर परिश्रम किया। वह अपने क्षेत्र की जनता के लिए हमेशा सुलभ रहते थे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदना उनके समूचे परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति है। ओम शांति।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा अनंत कुमार का निधन देश के सार्वजनिक जीवन में बहुत बड़ी क्षति है, खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए. उनके परिवार, सहयोगी और अनंत शुभेच्छुओं को मेरी सांत्वना।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह अनंत कुमार के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा, अपने अति वरिष्ठ सहयोगी और मित्र के असामयिक निधन से दुखी और सदमे में हूं। वे एक मंझे हुए सांसद थे जिन्होंने अपनी पूरी काबिलियत से देश की भरपूर सेवा की। लोक कल्याण के लिए उनके जुनून और समर्पण की जितनी तारीफ की जाए, कम है। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों के साथ हूं। सरकार और पार्टी के लिए किए गए उनके काम की यादें मेरे दिमाग में भरी हुई हैं और यह यादें हमेशा मेरे दिल और दिमाग में रहेंगी। कुमार जी का इश तरह जाना भाजपा के लिए तो यह बड़ी हानि है लेकिन मेरे खुद के लिए भी यह बहुत बड़ी क्षति है जो कभी पूर्ण नहीं होगी।