राष्ट्रीय
आईबी का अलर्ट: पश्चिम बंगाल के बाद कारगिल में पांव पसार रहे रोहिंग्या
By Deshwani | Publish Date: 1/11/2018 2:33:45 PMनई दिल्ली। केंद्रीय खुफिया एजेंसी आईबी की एक रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू कश्मीर के कारगिल में रोहिंग्या के होने की जानकारी मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 53 रोहिंग्या के होने की जानकारी मिली है, जो कारगिल में रह रहे हैं। देखा जाए तो लाइन ऑफ कंट्रोल के नजदीक पड़ने वाला कारगिल सुरक्षा के लिहाज़ से काफी संवेनदशील है। भारतीय सेना पाकिस्तान की तरफ से होने वाले किसी भी जवाबी कार्रवाई के लिए हर वक़्त तैयार रहती है, ऐसे में जब से इन इलाकों में रोहिंग्या के होने की खबर मिली है सुरक्षा एजेंसियां हरक़त में आ गयी है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, 'कारगिल में कुल 53 रोहिंग्या के होने की खबर है, हालांकि इनमे से कई सड़क निर्माण के काम में मजदूर के तौर पर काम कर रहे हैं, लेकिन हम उनके मूवमेंट पर लगातार नज़र रखे हुए हैं।
कुछ दिनों पहले पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में भी बड़ी संख्या में रोहिंग्या के बसने की जानकारी सामने आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 24 परगना जिले में बड़ी संख्या में रोहिंग्या को बसाने के लिए साजिश रची जा रही है। कई ऐसे ग्रुप का भी पता लगाया गया है, जो बांग्लादेश में रह रहे रोहिंग्या को पश्चिम बंगाल में घुसाने की साजिश रच रहे हैं। यही नहीं कई ऐसे इस्लामिक संगठन की भी जानकारी मिली है, जो देश भर में रोहिंग्या के लिए फंड इकट्ठा कर रहे हैं और बंगाल के कुछ इलाकों में उनके लिए कच्चे और पक्के घर बनाए जा रहे हैं।