नई दिल्ली/अहमदाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आज 143वीं जयंती पर उनकी नवनिर्मित 182 मीटर ऊंची विशाल प्रतिमा ‘स्टैैच्यू ऑफ यूनिटी’ का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के केवड़िया में अनावरण किया। पीएम मोदी द्वारा प्रतिमा के अनावरण के बाद भारतीय वायुसेना के तीन विमानों ने उड़ान भर भगवा, सफेद तथा हरे रंग से आसमान में तिरंगा उकेरा। वायुसेना के विमानों ने सरदार पटेल की प्रतिमा को सलामी भी दी।
प्रतिमा के अनावरण के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन में कहा कि आज वो पल है जो किसी भी राष्ट्र के इतिहास में दर्ज हो जाता है और उसे मिटा पाना बहुत मुश्किल होता है। आज का ये दिवस भी भारत के इतिहास के ऐसे ही कुछ क्षणों में से महत्वपूर्ण पल है। भारत की पहचान, भारत के सम्मान के लिए समर्पित एक विराट व्यक्तित्व का उचित स्थान का एक अधूरापन लेकर आजादी के इतने वर्षों तक हम चल रहे थे। आज धरती से लेकर आसमान तक सरदार साहब का अभिषेक हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज गुजरात के लोगों ने मुझे जो अभिनंदन पत्र दिया है, उसके लिए मैं यहां की जनता का बहुत आभारी हूं। सोचा नहीं था कि सरदार साहब की प्रतिमा के अनावरण का मौका मुझे लोहा अभियान के दौरान मिले लोहे का पहला टुकड़ा भी मिला है। मैं आप सभी के प्रति गुजरात के लोगों के प्रति कृतज्ञ हूं। मैं इन चीजों को यहीं पर छोडूंगा ताकि इन्हें यहां के म्यूजियम में रखा जाए और लोग इन्हें याद रखें। आज जी भर के बहुत कुछ कहने का मन भी करता है। मुझे वो दिन याद आ रहे हैं जब देशभर के गांवों से किसानों से मिट्टी मांगी गई थी और खेती में इस्तेमाल किए गए पुराने औजार दानस्वरूप देने को कहा गया था, तो किसानों ने इसे एक जनआंदोलन रूप में लिया. सैंकड़ों मिट्रिक टन लोहा इस प्रतिमा से मिला था।
पीएम ने कहा कि दुनिया की ये सबसे ऊंची प्रतिमा हमारी भावी पीढ़ी को साहस और संकल्प की याद दिलाएगी। जिसने मां भारती को टुकड़ों की साजिश को नाकाम करने का पवित्र कार्य किया, ऐसे सरदार पटेल को शत-शत नमन करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि उसी ताकत के बूते आज भारत अपनी शर्तों पर दुनिया से संवाद कर रहा है. आज दुनिया एक बड़ी अर्थव्यवस्था और सामरिक शक्ति बन रहा है। इसके पीछे सरदार साहब का बहुत बड़ा योगदान रहा है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अगर हम आज बेरोकटोक जा रहे हैं तो ये सरदार साहब के संकल्प की वजह से ही संभव हो गया है।
पीएम सुबह करीब पौने नौ बजे ही यहां पहुंच गए थे. प्रतिमा के अनावरण सेे पहले पीएम ने यहां वैली ऑफ फ्लावर्स और टेंट सिटी का उद्घाटन किया। इस दौरान गुजरात के राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, मध्यप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित हैं।
प्रतिमा अनावरण से पहले मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा कि गुजरात के सपूत की यहां की धरती पर इतनी ऊंची प्रतिमा बनी है, यह हमारे लिए हर्ष और आनंद की बात है। प्रतिमा बनवाने के लिए गुजरात की जनता की तरफ से अनिनंदन पत्र देना चाहते हैं। सरदार की इतनी ऊंची प्रतिमा को बनवाना हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही सपना था। इतिहास वही रचते हैं, जो इतिहास से प्रेरणा लेते हैं।