राष्ट्रीय
देश से जल्द होगा नक्सलवाद और माओवाद का सफाया : राजनाथ सिंह
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2018 3:04:26 PMलखनऊ। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय बलों के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश से नक्सलवाद और माओवाद का सफाया हो जाएगा। राजनाथ ने त्वरित कार्य बल (आरएएफ) के 26वें स्थापना दिवस पर लखनऊ के बिजनौर स्थित शिविर में आज आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पहले देश के 126 जिलों में नक्सलवाद था, वह अब सिमट कर 10-12 जिलों में रह गया है।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि वह दिन दूर नहीं जब केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और आरएएफ के पराक्रम के बलबूते पूरे देश से नक्सलवाद और माओवाद का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इन केन्द्रीय बलों ने दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय करके हिन्दुस्तान की जनता के मन में भरोसा कायम किया है। जहां नक्सलवाद था और जहां विकास की किरण नहीं पहुंच पाई थी, वहां इन बलों ने नक्सलवादियों के मजबूत ठिकानों को खत्म किया है और वहां विकास कार्य शुरू हुए हैं।