राष्ट्रीय
पीएम नरेंद्र मोदी को आज दिया जाएगा UN का ‘चैंपियंस ऑफ अर्थ अवॉर्ड’
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2018 10:44:33 AMनई दिल्ली। प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी यहां बुधवार को एक विशेष समारोह में संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार ‘‘चैंपियंस ऑफ अर्थ अवार्ड’’ ग्रहण करेंगे। पीएम मोदी एवं फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुएल मैक्रों को स्थायी विकास एवं जलवायु बदलाव के क्षेत्र में अनुकरणीय नेतृत्व और सकारात्मक कदम उठाने के कारण यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
एक सरकारी बयान के अनुसार इस पुरस्कार की घोषणा न्यूयार्क में 26 सितंबर को 73वीं संरा महासभा से इतर की गयी थी। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की पैरवी के लिए अग्रणी कार्यों तथा 2022 तक एकल उपयोग वाली सभी तरह की प्लास्टिक को भारत से हटाने के संकल्प के कारण नेतृत्व श्रेणी में चुना गया है।
वार्षिक ‘चैम्पियंस आफ अर्थ’ पुरस्कार सरकार, सिविल सोसाइटी एवं निजी क्षेत्र में ऐसे असाधारण नेताओं को दी जाती है जिनके कदमों से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उन्हें प्रदान किया गया संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण पुरस्कार केवल किसी व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य कायम करने तथा पर्यावरण की रक्षा करने वाली भारतीय मूल्य पद्धति के लिए है।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा था,‘मैं पूरी नम्रता के साथ चैंपियन ऑफ अर्थ अवार्ड स्वीकार करता हूं और इस सम्मान के लिए संयुक्त राष्ट्र को धन्यवाद देता हूं। यह पुरस्कार केवल किसी व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य कायम करने तथा पर्यावरण की रक्षा करने वाली भारतीय मूल्य पद्धति के लिए है।’