राष्ट्रीय
आज आएंगे पंजाब पंचायत चुनाव के परिणाम, जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
By Deshwani | Publish Date: 22/9/2018 10:34:19 AMनई दिल्ली/चंडीगढ़। पंजाब में 19 सितंबर को संपन्न हुए जिला परिषदों और पंचायत समितियों के मतदान के बाद आज (22 सितंबर) परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान की गिनती आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 4 बजे तक सभी जिला परिषदों और पंचायत समितियों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। पंचायत चुनावों के वोटों की गिनती के दौरान किसी तरह की चूक न हो इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों के तहत जिला परिषद के कुल 354 और पंचायत समिति के लिए 2,900 सदस्य निर्वाचित किए गए हैं। बता दें कि राज्य में कुल 22 जिला परिषद और 150 पंचायत समितियां हैं।
मत की गिनती से पहले विपक्षी अकाली दल ने कांग्रेस पर बूथों पर कब्जा करने, फर्जी मतदान कराने और बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। हालांकि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि मतदान स्वतंत्र एवं निष्पक्ष हुआ। मुक्तसर जिले में वोट देने के बाद अपने इलाके में मतदान केंद्रों का दौरा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने दावा किया कि हाथों में तलवारें लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथों पर कब्जा किया और इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी रही।
19 सितंबर को मतदान के दौरान कई इलाकों में छिटपुट हिंसक घटनाओं की खबर आई थी। पुलिस ने बताया कि फिरोजपुर में कुछ अज्ञात लोगों ने बस्ती अजीज वाली इलाके में हवा में गोलियां चलाईं और शिअद कार्यकर्ता की कार की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। अधिकारियों ने बताया कि फतेहगढ़ साहिब जिले में वोट डालने के बाद घर लौटते समय 44 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।