राष्ट्रीय
शिमला में भारी बारिश, दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी
By Deshwani | Publish Date: 7/9/2018 12:58:43 PMनई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भारी बारिश हो रही है। शिमला में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें तालाब बन गई हैं। ट्रैफ़िक पर जलजमाव की मार पड़ी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और देश के कई इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इससे पहले गुरुवार की शाम को दिल्ली, नोएडा और अन्य इलाकों में झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में आज भी बारिश की संभावना है। हालांकि, अभी दिल्ली-एनसीआर में घूपभरी सुबह देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, "आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश से लेकर सामान्य बारिश होने की संभावना है।" गुरुवार की बारिश में दिल्ली में जगह-जगह ट्रैफिक की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। कई जगहों पर पानी जमा हो गया। इसके अलावा दिल्ली के सदर बाजार और जेएलएन मार्ग के पास भी जलजमाव के कारण दिल्ली की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
वहीं, बारिश के फिर से 8 या 9 सितंबर से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में बढ़ने की उम्मीद है। गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश भागों में इस सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि विदर्भ और कोंकण गोवा क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में पांच सितंबर तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि छह सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश में व्यापक कमी आ जाएगी। बिहार और झारखंड में कई जगहों पर मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।