राष्ट्रीय
राहुल गांधी का केरल दौरा आज, बाढ़ पीड़ितों से मिलने राहत शिविरों में भी जाएंगे
By Deshwani | Publish Date: 28/8/2018 9:43:31 AMनई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज से दो दिनों के लिए बाढ़ प्रभावित केरल दौरे पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह कुछ राहत कैंपों का दौरा करेंगे और राहत कार्यों में भाग लेने वाले मछुआरों और पार्टी के स्वयंसेवियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कल ट्वीट कर कहा, मैं कल और परसों केरल में रहूंगा। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करूंगा, राहत शिविरों में जाऊंगा और मछुआरों, जरूरतमंदों की नि:स्वार्थ भाव से मदद कर स्वयंसेवियों एवं अन्य लोगों से मुलाकात करूंगा।
केरल में भयावह बाढ़ को देखते हुए हाल ही में गांधी ने पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को निर्देश दिया था कि अपना एक महीने का वेतन लोगों की मदद के लिए दें। कांग्रेस के मुताबिक, राहुल गांधी के निर्देश पर केरल से लगे राज्यों की पार्टी इकाइयों और भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता केरल में लगातार राहत कार्य में लगे हुए हैं।