राष्ट्रीय
राहुल गांधी ने 2019 की जंग जीतने के लिए 9 सदस्यीय कोर कमिटी का किया गठन
By Deshwani | Publish Date: 25/8/2018 5:29:19 PMनई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2019 के प्रचार-प्रसार के लिए कमर कस ली है। दरअसल, राहुल गांधी ने 9 सदस्यीय कोर ग्रुप कमिटी का गठन किया है। इस कमिटी में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद शामिल हैं। इसके अलावा लोकसभा में विपक्षी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को भी इस कोर ग्रुप कमिटी में जगह मिली है।
वहीं मेनिफेस्टो और पब्लिसिटी कमिटी के लिए भी सदस्यों का चयन हुआ है। मेनिफेस्टो कमिटी में सलमान खुर्शीद और शशि थरूर समेत 19 बड़े नेताओं के नाम हैं तो वहीं पब्लिसिटी यानी प्रचार समिति में राजीव शुक्ला और रणदीप सुरजेवाला समेत 13 सदस्य हैं।
बता दें कि बीते दिनों आर्थिक तंगी से जुझ रही कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया गया था। पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा को कांग्रेस के कोषाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह राज्यसभा सांसद अहमद पटेल को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं राहुल गांधी भाजपा को हराने के लिए अनुभव और युवा जोश को साथ लेकर 2019 फतह करने की बात कह चुके हैं। पार्टी की कमान संभालने के बाद पहली बार कांग्रेस वर्किंग ग्रुप (CWC) की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए राहुल ने कहा था कि 'पार्टी में युवा नेताओं की ताकत का भी भरपूर इस्तेमाल किया जाएगा और उन्हें भी अहम जिम्मेदारी जाएंगी। युवाओं और अनुभवी नेताओं का जोड़ ही कांग्रेस को आगे ले जाएगा।'