राष्ट्रीय
शिवसेना को मनाने में जुटी भाजपा, ठाकरे से मिले मुरली मनोहर जोशी
By Deshwani | Publish Date: 22/8/2018 6:36:52 PMनई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से बांद्रा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। माना जा रहा है भाजपा नेता पार्टी से नाराज चल रहे उद्धव ठाकरे को मनाने के लिए वहां पहुंचे।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने जोशी और शिवसेना प्रमुख की इस भेंट को केवल ‘‘शिष्टाचार’’ मुलाकात बताया। पिछले कुछ समय से शिवसेना और भाजपा के बीच तकरार देखने को मिल रहा है। दोनों दल महाराष्ट्र में अकेले ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके संकेत भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी दिए थे। शिवसेना के अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से दूरी बनाने के बाद से ही शाह नाराज बताए जा रहे हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल अगले वर्ष अक्तूबर-नवंबर में खत्म होगा ऐसे में राज्य में छह माह पूर्व ही चुनाव कराये जाने के बारे में भी भाजपा आलाकमान काफी गंभीरता से विचार कर रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पार्टी की बैठकों में कई बार यह कह चुके हैं कि भाजपा को अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।