राष्ट्रीय
प्रधानमंत्री ने सभी भाजपा प्रदेश अध्यक्षों को सौंपे अटल के अस्थि कलश, देश में निकलेगी यात्रा
By Deshwani | Publish Date: 22/8/2018 11:50:11 AMनई दिल्ली। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश आज भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों को सौंपा जा रहा है। अटल जी की अस्थियां पार्टी की संबंधित राज्य इकाइयां अपने-अपने प्रदेश की पवित्र नदियों में विसर्जित करेंगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एवं अटल जी दत्तक पुत्री नमिता भट्टाचार्य सहित कई प्रमुख लोग मौजूद हैं।
प्रदेश इकाई अटलजी के अस्थिकलश को लेकर अपने-अपने राज्यों में जिला इकाइयों की मदद से हर जिले में अस्थि कलश यात्रा निकालेगी। भाजपा ने अपने एक बयान में कहा है कि अटल जी को देश के हर क्षेत्र की जनता व पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, इसलिए हर राज्य में अस्थि कलश यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। अटल जी की अस्थि कलश यात्रा राज्य की राजधानियों से शुरू होकर प्रखंडों से होकर गुजरेगी।