राष्ट्रीय
राहुल ने मोतीलाल वोरा की जगह अहमद पटेल को सौंपी कोषाध्यक्ष की कमान
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2018 3:12:46 PMनई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल हुआ है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोतीलाल वोरा की जगह अहमद पटेल को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। 1996 में सीताराम केसरी के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद से कोषाध्यक्ष का पद संभाल रहे मोतीलाल वोरा को पार्टी में महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आनंद शर्मा को पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है।
राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद से वे पार्टी से साइड लाइन माने जा रहे थे। हालांकि कांग्रेस की नई कार्यसमिति में उन्हें राहुल ने सदस्य बनाया था। इसके बाद अब उन्हें पार्टी के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस के हाथों से सत्ता निकल जाने के बाद से लगातार पार्टी के चंदे में कमी आई है। ऐसे में पटेल के सामने सत्ता से बाहर रहते हुए पार्टी के खजाने में इजाफा कराने की बड़ी चुनौती होगी। आनंद शर्मा को कर्ण सिंह के स्थान पर पार्टी के विदेश मामलों के विभाग का अध्यक्ष बनाया गया और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस कार्य समिति में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य शमिल किया गया है।