राष्ट्रीय
अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर रतन टाटा ने कहा- करोड़ों भारतीय हमेशा याद करेंगे
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2018 6:48:06 PM नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार शाम एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। वाजपेयी जी के निधन पर तमाम राजनीतिक हस्तियों के साथ बॉलीवुड दिग्गजों ने शोक जताया। गुरुवार शाम के समय टाटा संस के चेयरमैन रतन एन टाटा ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर ट्वीट कर गहरा दुख व्यक्त किया। रतन टाटा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। वह एक महान राजनेता थे, उन्हें करोड़ों भारतीयों द्वारा हमेशा ही याद किया जाएगा।
इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा 'भारत ने आज महान सपूत खो दिया। राहुल गांधी ने लिखा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी करोड़ों भारतीयों के सम्माननीय थे। उन्होंने वाजपेयी के परिवार और प्रशंसकों के लिए संवेदनाएं व्यक्त की। हम सभी उन्हें हमेशा याद करेंगे।' अटल बिहारी वाजपेयी ने शाम 5 बजकर 5 मिनट पर अंतिम सांस ली। निधन की सूचना एम्स की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन में दी गई।