राष्ट्रीय
राजनाथ सिंह आज केरल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा
By Deshwani | Publish Date: 12/8/2018 12:06:42 PMनई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज बाढ़ प्रभावित केरल का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि सिंह के साथ पर्यटन मंत्री के जे. अल्फोंस और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी होंगे। वे बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। बयान में बताया गया है कि सिंह, मुख्यमंत्री पी.विजयन और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ केरल तथा केंद्र सरकार की ओर से शुरू किए गए तलाशी, बचाव एवं राहत उपायों की समीक्षा करेंगे।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव के अलावा, केंद्रीय एजेंसियों और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। सिंह ने विजयन को फोन पर बातचीत के दौरान बारिश और बाढ़ से उपजी स्थिति से निपटने के लिए केंद्र की मदद का आश्वासन दिया था।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान, केरल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई है। बयान में बताया गया है कि एनडीआरएफ की टीमों ने सात लोगों को बचाया है जबकि 398 लोगों और 12 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।