राष्ट्रीय
मनमोहन सिंह के घर कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक, कश्मीर मामले पर चर्चा होने की संभावना
By Deshwani | Publish Date: 2/7/2018 11:55:18 AMनई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में जारी राज्यपाल शासन के बीच आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के घर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक होने जा रही है इस बैठक में मनमोहन सिंह के अलावा डॉ कर्ण सिंह पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम राज्यसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता गुलाम नबी आजाद और अंबिका सोनी शामिल होंगे। कांग्रेस के ये सभी वरिष्ठ नेता यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के द्वारा कश्मीर के मुद्दे पर बनाई गई कमेटी के हिस्सा हैं। इस कमेटी के चेयरमैन डॉ मनमोहन सिंह हैं मनमोहन सिंह के घर पर दोपहर साढ़े ग्यारह बजे कांग्रेस नेताओं की बैठक होने वाली है।
इस बैठक में कश्मीर के सियासी मुद्दे पर चर्चा होगी। बैठक में गठबंधन को लेकर चर्चा हो सकती है। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घर होने वाली इस बैठक के बाद कांग्रेस ने कल श्रीनगर में एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में सरकार बनाने की संभावना और इससे घाटी में पड़ने वाले असर पर चर्चा संभव है।
दरअसल, कांग्रेस और पीडीपी दोनो खेमों में इस बात को लेकर आशंका है कि राज्य के बदलते माहौल और अमरनाथ यात्रा को लेकर चुनौती को देखते हुए केंद्र की मोदी सरकार राज्यपाल एन एन वोहरा की जगह किसी और को राज्यपाल नियुक्त कर सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर के भाजपा प्रभारी राम माधव की पीपुल्स कांफ्रेंस के नेता सज्जाद गनी लोन और निर्दलीय विधायक इंजिनियर राशिद से पिछले दिनों हुई मुलाकात ने घाटी में राजनीतिक सुगबुगाहट को और हवा दे दी है। अनिश्चिताओं के बीच पीडीपी को डर ये भी है कि भाजपा उसके कुछ महत्वकांक्षी विधायकों को तोड़ सकती है।