राष्ट्रीय
बालटाल बेस कैंप में भरा पानी, श्रद्धालुओं की बढ़ी मुश्किलें
By Deshwani | Publish Date: 28/6/2018 11:36:40 AMनई दिल्ली। कल रात से लगातार हो रही तेश बारिश होने के कारण बालटाल बेस कैंप में पानी भर गया है। बालटाल बेस कैंप में हुए इस जलभराव के चलते सुरक्षाबलों द्वारा तैयार किए गए सिक्योरिटी एक्सेस कंट्रोल गेट की तरफ घुटनों तक पानी जमा हो गया है। वहीं प्रशासन ने बालटाल बेसकैंप पहुंचे श्रद्धालुओं को पहाड़ी क्षेत्र पर लगाए गए कैंप में स्थानांतरित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि तेज बारिश के चलतेक अमरनाथ यात्रा को रोक दिया गया है।
पवित्र गुफा के लिए जम्मू से रवाना हुए जत्थे को पहलगांव बेस कैंप पर रोक दिया गया है। वहीं श्रीनगर से रवाना हुए जत्थे को बालटाल बेस कैंप में रोका गया है। दरअसल, बालटाल से संगम होते हुए पवित्र गुफा को जाने के लिए कच्चा रास्ता है। इसी तरह जम्मू से पहलगांव बेस कैंप होते हुए पवित्र गुफा को जाने वाले रास्ते में चंदनवाड़ी तक ही पक्की सड़क उपलब्ध है। चंदनवाड़ी के बाद श्रद्धालुओं को शेषनाग, पंचतरणी, संगम होते हुए कच्चे रास्ते से पवित्र गुफा तक का सफर तय करना पड़ता है।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि तेज बारिश और खराब मौसम के चलते श्रद्धालुओं को बालटाल और पहलगांव बेस कैंप से आगे जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार, मौसम में सुधार होने के बाद ही श्रद्धालुओं को इन बेस कैंप से आगे बढ़ने की इजाजत दी जा सकती है।